देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 4 मोबाइल और नकदी जब्त

 


जबलपुर। रक्षाबंधन और ईद जैसे त्योहारों को देखते हुए अपराधियों की धरपकड़ एवं अपराधों की रोकथाम के लिए जीआरपी जबलपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद समेत कुल 60,200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे स्टाफ की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सूरज बली निषाद (39), निवासी ग्राम बहपुरा, पोस्ट इटहरा, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद खाकी रंग के थैले से चार मोबाइल फोन मिले। मोबाइल के संबंध में बिल अथवा वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना जबलपुर में अपराध क्रमांक 561/26, धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 58 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब इन मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की तलाश कर रही है।

इसी तरह अपराध क्रमांक 448/26, धारा 305(सी) बीएनएस के मामले में पुलिस ने दिनेश वंशकार उर्फ घिटला, निवासी उड़िया मोहल्ला, कटनी को स्टेशन चेकिंग के दौरान पकड़ा। उसके कब्जे से चोरी के मामले का मशरूका 2200 रुपये नकद बरामद किया गया।

जीआरपी के मुताबिक, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्र और उप पुलिस अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में जीआरपी थाना जबलपुर की एसएचओ संजीवनी राजपूत, प्रधान आरक्षक हेमंत चक्रवर्ती, अंकुर गोहिया, अरुण तिवारी, मनोज मिश्रा, सत्येंद्र सिंह, अजय तिवारी, उमेश चौरे, परशुराम, रविकांत रजक तथा आरपीएफ के आरक्षक हरिकेश और केदारमल का उल्लेखनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर ने टीम के अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times