देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

गैंगस्टर छोटू चौबे का खास गुर्गा शेख आदिल गिरफ्तार, लाफ्ट में मिला हथियारों का जखीरा

 


जबलपुर। गैंगस्टर छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे के खास गुर्गे और इनामी बदमाश शेख आदिल को क्राइम ब्रांच ने भूलन बस्ती से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर पिस्टल, रिवॉल्वर, कट्टे, कारतूस समेत बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक शेख आदिल गैंगस्टर छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है और कई आपराधिक वारदातों में उसकी भूमिका सामने आई है।



मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि फरार और इनामी आरोपी शेख आदिल भूलन बस्ती स्थित एक मकान में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर में एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में चार कारतूस लोड थे।

पूछताछ में शेख आदिल ने पुलिस को बताया कि उसे फरारी काटने के लिए गैंगस्टर छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे ने मकान में ठहराया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी बताया कि मकान में छोटू चौबे और बाबू सिंधी द्वारा बिक्री के लिए हथियार और कारतूस रखे गए थे।

हत्या और फायरिंग में हथियार सप्लाई करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शेख आदिल ने छोटू चौबे के कहने पर अनिराज नायडू की हत्या में शामिल होने तथा रतन यादव पर गोली चलाने वाले युवकों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इन आरोपों की विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

लाफ्ट में छिपा था हथियारों का जखीरा

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मकान की तलाशी ली। घर के लाफ्ट में बड़ी संख्या में हथियार छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक शेख आदिल खुद लाफ्ट पर चढ़ा और वहां छिपाए गए हथियार निकालकर पुलिस को सौंपे।

बरामदगी में 2 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 12 बोर का 1 कट्टा, 315 बोर का 1 कट्टा, 1 जंग लगा कट्टा, 2 एयर गन, 1 तलवार, 1 बका, 1 चाकू, 9 खाली मैगजीन, 50 कारतूस और 68 फायर किए हुए कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के नाम का एक पासपोर्ट और अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

छोटू चौबे पर पहले ही हो चुकी है NSA की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार शेख आदिल कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे का सक्रिय सदस्य है। छोटू चौबे के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों और उसकी गतिविधियों को देखते हुए करीब दो माह पहले उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई कर उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया था।

पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, इनके इस्तेमाल और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।

लाफ्ट से हथियार निकालते आरोपी का वीडियो वायरल

पुलिस की कार्रवाई के दौरान शेख आदिल के घर की तलाशी का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी लाफ्ट पर चढ़कर छिपाए गए हथियार निकालता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह नीचे उतरता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times