देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

जबलपुर में बारिश का असर: कम दृश्यता के चलते दो फ्लाइट डायवर्ट, 400 से अधिक यात्री हुए परेशान



जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। शनिवार को डुमना एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण दो प्रमुख उड़ानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके चलते एक फ्लाइट को नागपुर और दूसरी को रायपुर डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के डायवर्ट होने से 400 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नवी मुंबई-जबलपुर फ्लाइट नागपुर डायवर्ट
जानकारी के अनुसार, नवी मुंबई से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट शनिवार दोपहर करीब 11:45 बजे जबलपुर पहुंचने वाली थी। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। डुमना एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण एटीसी से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर विमान को नागपुर एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। इस फ्लाइट से 147 यात्रियों को जबलपुर से वापस नवी मुंबई जाना था।

कोलकाता की उड़ान रायपुर भेजी गई
इसी तरह कोलकाता से जबलपुर पहुंची फ्लाइट भी एयरपोर्ट के करीब पहुंचने के बाद खराब मौसम के चलते लैंड नहीं कर सकी। रनवे पर दृश्यता कम होने के कारण विमान को रायपुर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। इस उड़ान से 39 यात्री जबलपुर आने वाले थे, जबकि 46 यात्रियों को वापस कोलकाता जाना था।

सात में से पांच उड़ानें ही उतर सकीं
सामान्य दिनों में डुमना एयरपोर्ट से करीब सात विमानों का आवागमन होता है। लेकिन लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण शनिवार को इनमें से केवल पांच विमान ही जबलपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर सके। दो उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

मौसम खराब होने के कारण यात्रियों और उनके परिजनों को एयरपोर्ट पर काफी असुविधा हुई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times