चरगवां थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मेडिकल जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर हुई गिरफ्तारी



जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ चरगवां थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रंजीत गोंड (25 वर्ष), पिता बंसीलाल गोंड, निवासी जबौला के रूप में की।

मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों को शामिल करते हुए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि उसे कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times