जबलपुर। छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को जबलपुर के मालवीय चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। उनका आरोप है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर जलाकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बीच उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब मौके पर मौजूद लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने पोस्टर जलाने से रोकने और पोस्टर हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ देर के लिए मालवीय चौक पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
