रांझी के गांधी चौक की घटना, धमाकों से दहला इलाका; दुकान का शटर क्षतिग्रस्त, बदमाश फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश



 जबलपुर। शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। रांझी थाना क्षेत्र के गांधी चौक स्थित एक किराना दुकान पर कथित रूप से गुंडा टैक्स नहीं देने पर बदमाशों ने देसी बमों से हमला कर दिया। धमाकों की तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हमले में दुकान का शटर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रविदास नगर, रांझी निवासी 42 वर्षीय अनिल श्रीपाल गांधी चौक पर "श्रीपाल किराना स्टोर" का संचालन करते हैं। शनिवार देर रात करीब 11 बजे अनिल अपने भाई संजय श्रीपाल के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान मानेगांव निवासी मोनू शुक्ला और विवेक कोल वहां पहुंचे। आरोप है कि मोनू शुक्ला ने कट्टा लहराते हुए अनिल को धमकाया और दुकान चलाने के एवज में हर सप्ताह ₹5 हजार की रंगदारी देने की मांग की।

अनिल श्रीपाल द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद वे अपने साथियों के साथ लौटे और दुकान को निशाना बनाते हुए लगातार देसी बम फेंकने लगे। धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकान के सामने धुएं का गुबार फैल गया। हमले में दुकान का शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक बदमाश मोटरसाइकिलों से फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांधी चौक और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने खुलेआम रंगदारी मांगने और बमबाजी जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times