जबलपुर की घटती वायुसेवाओं को लेकर फेडरेशन ने इंडिगो एयरलाइन को ज्ञापन सौंपा


जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज द्वारा जबलपुर शहर की लगातार घटती वायुसेवाओं को लेकर इंडिगो एयरलाइन के डायरेक्टर, सेल्स, ईस्ट एवं सेन्ट्रल इंडिया श्री संजीव भट्टाचार्य के नाम ज्ञापन प्रेषित किया जिसे मध्य प्रदेश के सेल्स हेड श्री कुंवर रावत को गत दिवस भोपाल में सौंपा गया। फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने एवं बंद हो चुकी उड़ानों को पुनः प्रारंभ करने की मांग की है।


फेडरेशन के अध्यक्ष तथा जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का एक महत्वपूर्ण संभागीय मुख्यालय होने के साथ-साथ औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। इसके बावजूद पिछले कुछ समय से जबलपुर की वायुसेवाओं में लगातार कमी आई है, जिससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन तथा आम नागरिकों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।


उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू फ्लाइट को रोजाना के स्थान पर सप्ताह में चार दिन किया गया है जिससे फ्लायर्स में रोष व्याप्त है। हिमांशु खरे ने बताया कि पूर्व में जबलपुर से देश के अनेक प्रमुख महानगरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती थीं, किंतु वर्तमान में कई महत्वपूर्ण सेक्टरों पर वायुसेवाएं बंद या सीमित हो गई हैं। वर्तमान में जबलपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु एवं इंदौर जैसे शहरों के लिए वायुसेवाएं उपलब्ध हैं, जबकि पूर्व में जबलपुर अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता एवं चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों से भी जुड़ा हुआ था। वायुसेवाओं में आई कमी से न केवल क्षेत्रीय विकास प्रभावित हो रहा है, बल्कि निवेश की संभावनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।


फेडरेशन ने इंडिगो एयरलाइन से मांग की है कि जबलपुर से नियमित एवं पर्याप्त वायुसेवाएं पुनः प्रारंभ की जाएं तथा बंद हो चुकी उड़ानों को तत्काल पुनर्स्थापित किया जाए। उन्होंने प्रदेश शासन से मांग की है कि नई एयरलाइन कंपनियों को प्रदेश एवं जबलपुर में आकर्षित करने हेतु विशेष प्रोत्साहन योजनाएं लागू की जाएं तथा जबलपुर एयरपोर्ट को क्षेत्रीय हब के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।


फेडरेशन ने कहा कि यह स्थिति केवल यात्रियों की असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि जबलपुर शहर के आर्थिक, औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है। जिस शहर से कभी देश के प्रमुख महानगरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती थीं, वहां हवाई कनेक्टिविटी का सीमित होना अत्यंत चिंताजनक है।


फेडरेशन ने इंडिगो एयरलाइन के शीर्ष प्रबंधन से अपेक्षा की है कि वह इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर की वायुसेवाओं के विस्तार एवं पुनर्स्थापन की दिशा में ठोस पहल करे। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स के विरेंद्र पोरवाल,  प्रवीण आचार्य तथा डॉ सुरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times