बीच शादी में तीन बार बोला 'तलाक', पत्नी ने पति पर दर्ज कराया मामला

 


जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर सार्वजनिक रूप से तीन बार तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने, घर से निकालने, दूसरी महिला के साथ रहने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन वर्ष पहले हुआ था निकाह

गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता तस्लीम ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उसका निकाह बड़े मदार छल्ला निवासी मोहम्मद शहनवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदल गया। वह देर रात घर लौटने लगा और पूछताछ करने पर विवाद और मारपीट करता था।

दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप

महिला का आरोप है कि कुछ महीने पहले उसे पति के दूसरी महिला से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। पहले वह कभी-कभार उस महिला के घर जाता था, लेकिन धीरे-धीरे अधिकतर समय वहीं बिताने लगा और कई बार रात भी वहीं रुकने लगा। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

एक सप्ताह से चल रहा था विवाद

पीड़िता के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। पति उस पर मायके चले जाने का दबाव बना रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने घर खर्च देना बंद कर दिया और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने से भी इनकार कर दिया।

शादी समारोह में सबके सामने बोला 'तलाक'

महिला का आरोप है कि बुधवार रात एक रिश्तेदार के शादी समारोह में उसके पति ने लोगों के सामने तीन बार "तलाक" कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी और वहां से चला गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि जिस महिला से उसके पति के संबंध हैं, उसे अब उसने अपने घर में रख लिया है। विरोध करने पर उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मोहम्मद शहनवाज की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times