सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली के कोतवाली बैढ़न क्षेत्र के परसौना गांव में सुबह करीब एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवसर विधायक कार्यालय के सामने बैढ़न-बरगवां मार्ग पर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
डिब्बे बाल्टी लेकर लोग पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करने का प्रयास शुरू किया। इस बीच टैंकर से बह रहे डीजल को लेने के लिए आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने और रोकने के बावजूद लोग डीजल एकत्र करने पर आमादा रहे, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए अव्यवस्थित बनी रही।
