अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सम्पत उपाध्याय का सख्त संदेश, लापरवाही पर थाना प्रभारियों और एक सीएसपी को लगाई फटकार



 जबलपुर। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय का सख्त प्रशासनिक रुख देखने को मिला। लंबित अपराधों, साइबर ठगी, महिला अपराध, गुमशुदगी, मर्ग, वारंटों और विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं एक सीएसपी की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, अनु बेनीवाल, जितेंद्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, अंजना तिवारी, सूर्यकांत शर्मा, अखिलेश तिवारी सहित सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश

अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने धोखाधड़ी, साइबर अपराध, चिटिंग, संपत्ति संबंधी अपराध, लंबित मर्ग, गुम इंसान तथा अन्य गंभीर मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, उनमें विशेष अभियान चलाकर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चोरी गई संपत्ति की बरामदगी को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

गुम नाबालिगों की तलाश और महिला अपराधों पर विशेष फोकस

एसपी सम्पत उपाध्याय ने गुम हुए नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और विवेचना समयसीमा में पूरी कर न्यायालय में शीघ्र चालान प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

हर थाना क्षेत्र में दिखनी चाहिए पुलिस की मौजूदगी

बैठक में एसपी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन गश्त बढ़ाने तथा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को हर समय पुलिस की सक्रिय उपस्थिति महसूस होनी चाहिए, जिससे लोगों का भरोसा मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

सीएम हेल्पलाइन और सीसीटीएनएस पर भी सख्ती

एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए। साथ ही सीसीटीएनएस में सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों का डेटा इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस (IRAD) में तत्काल अपलोड करने के भी निर्देश दिए।

एक सीएसपी को भी लगाई फटकार

बैठक के दौरान एक सीएसपी की कार्यशैली पर भी एसपी सम्पत उपाध्याय ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार का संरक्षण देकर या संरक्षण में रहकर पुलिसिंग करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। जब संबंधित अधिकारी ने अपनी सफाई देने का प्रयास किया तो एसपी ने उन्हें बीच में ही रोकते हुए कहा कि उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी है और अब किसी सफाई की आवश्यकता नहीं है। एसपी ने चेतावनी दी कि सभी अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times