देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन वैशाली की बैठक में पत्रकार हितों पर हुई विस्तृत चर्चा।




पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश। 


लालगंज (वैशाली), बिहार।इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ® के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी दिशा निर्देश पर वैशाली जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक लालगंज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह एवं संचालन जिला महासचिव नरोत्तम कुमार ने किया। बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, उनके अधिकारों, वर्तमान समय में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार आज भी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हाल के दिनों में पटना और दिल्ली में पेपर लीक मामले को लेकर आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ हुई मारपीट तथा महिला पत्रकारों के साथ बदसलूकी की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज़ बनकर निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करता है, इसलिए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बिहार सरकार एवं भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। साथ ही पत्रकारों पर होने वाले हमलों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, दोषियों के विरुद्ध कठोर दंड तथा पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक का संचालन करते हुए जिला महासचिव नरोत्तम कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। यदि पत्रकार सुरक्षित रहेंगे तभी लोकतंत्र मजबूत होगा और आम जनता की समस्याएं निष्पक्ष रूप से शासन-प्रशासन तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न की घटनाओं पर सभी पत्रकारों को एकजुट होकर आवाज़ उठानी चाहिए तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर संघर्ष करना होगा। उन्होंने संगठन की एकता, अनुशासन और सक्रियता पर भी बल दिया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पत्रकारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान, प्रशिक्षण, संगठन विस्तार तथा पत्रकार हितों से जुड़े अन्य विषयों पर भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षा, बीमा, चिकित्सा सुविधा तथा कानूनी संरक्षण जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

बैठक के उपरांत प्रखंड कृषि कार्यालय, लालगंज परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि "वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। केवल सरकार की योजनाओं से पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य पूरा नहीं होगा, बल्कि जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता से ही हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।"

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी नियमित देखभाल करके ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है। यह अभियान सरकार की "जल-जीवन-हरियाली" जैसी योजनाओं को भी मजबूती प्रदान करेगा।

बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला महासचिव नरोत्तम कुमार, जिला प्रवक्ता अजित कुमार उर्फ पवनदेव यादव, प्रखंड अध्यक्ष राजनारायण यादव, रामा कुमार, अरविन्द कुमार, विकास कुमार, मनीष कुमार सहित इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times