गढ़ा में अवैध शराब पर भगवती मानव कल्याण संगठन का शिकंजा, दो तस्कर पुलिस के हवाले



जबलपुर। संस्कारधानी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ इस बार पुलिस नहीं, बल्कि एक सामाजिक संगठन ने मोर्चा संभाला। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर रात गढ़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्कूटी से शराब की खेप लेकर जा रहे दो तस्करों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 100 पाव अवैध शराब बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को शराब सहित गढ़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

संगठन के कार्यकर्ताओं के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने गढ़ा क्षेत्र में घेराबंदी की। रोकने का प्रयास करने पर दोनों आरोपी स्कूटी छोड़कर भागने लगे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 100 पाव अवैध शराब बरामद हुई। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर शराब जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
शराब की सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी। जांच एजेंसियां इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी सक्रिय हैं तस्कर

गौरतलब है कि तिलवारा और ग्वारीघाट क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद इन इलाकों में लगातार अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर प्रतिबंधित क्षेत्रों में सक्रिय अवैध शराब नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times