देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

फार्मासिस्ट पर गंभीर आरोप: शादी का झांसा, दुष्कर्म और गर्भपात कराने का मामला दर्ज

 


जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट पर फार्मेसी की छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता एक निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही है। नवंबर 2025 में इंटर्नशिप के दौरान उसकी मुलाकात एक निजी अस्पताल में कार्यरत नीरज राठौर से हुई थी। आरोपी मूल रूप से अनूपपुर का निवासी है और वर्तमान में जबलपुर के धनवंतरी नगर क्षेत्र में रह रहा था।

शादी का भरोसा देकर बढ़ाई नजदीकियां

पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ। इस दौरान आरोपी ने प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता। शिकायत के अनुसार, 13 मार्च को आरोपी ने अपने रूममेट के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उसे कमरे पर बुलाया। देर रात वहीं रुकने के दौरान आरोपी ने शादी का वादा करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।

गर्भवती होने पर कराया गर्भपात

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने पहले उसे गर्भपात की दवाएं दीं। तबीयत बिगड़ने पर उसे एक महिला चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद धनवंतरी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में गर्भपात कराया गया।

शादी से मुकरने पर दर्ज कराया मामला

पीड़िता का कहना है कि गर्भपात के बाद जब उसने शादी की बात की तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उससे दूरी बनाने लगा। इसके बाद पीड़िता संजीवनी नगर थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

संजीवनी नगर पुलिस ने पीड़िता के बयान एवं प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नीरज राठौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times