सतना/मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही जहरीले सांप के डसने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। बहन से मिलने उसके घर पहुंचे भाई और उसकी बड़ी बहन को सांप ने एक के बाद एक डस लिया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बहन ने दम तोड़ दिया, जबकि भाई की मौत सतना जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय राजेश चौधरी, पिता जीवनलाल चौधरी, निवासी ग्राम खरमसेड़ा (अमरपाटन), अपनी बड़ी बहन 50 वर्षीय कल्लू चौधरी, पत्नी जतन चौधरी, से मिलने मैहर जिले के कोठी क्षेत्र स्थित उनके घर आए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दोनों घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक जहरीला सांप घर में पहुंच गया और पहले कल्लू चौधरी को डस लिया। कुछ ही क्षण बाद उसी सांप ने राजेश चौधरी पर भी हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ गई हालत
सांप के डसते ही दोनों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आने लगे और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों ने बिना देर किए दोनों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। हालांकि, सांप का जहर तेजी से पूरे शरीर में फैल जाने के कारण कल्लू चौधरी की इलाज के दौरान ही मौत हो गई।
वहीं, राजेश चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सतना रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश के मौसम में बरतें सावधानी
विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को दें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय उसे तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
