देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

चलती बस में लगी भीषण आग, टायर फटते ही मची अफरा-तफरी; सभी यात्री सुरक्षित

 



इंदौर। मध्य प्रदेश के रीवा से इंदौर आ रही एक यात्री बस गुरुवार को देवास-इंदौर के बीच आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदौर जिले के शिप्रा क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। चलती बस का अचानक टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हालांकि चालक और परिचालक की सतर्कता के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टायर फटने के बाद घर्षण से लगी आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस का टायर फटना और उसके बाद घर्षण से आग लगना बताई जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हाईवे पर रोका गया यातायात

घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे के उस हिस्से पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जहां बस में आग लगी थी। आशंका थी कि यदि आग डीजल टैंक तक पहुंची तो बड़ा विस्फोट हो सकता है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर हटाया। एहतियात के तौर पर 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी।

दमकल की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग

सूचना मिलते ही शिप्रा पुलिस के साथ देवास और इंदौर से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। बताया गया कि देवास से रवाना हुई फायर ब्रिगेड रसूलपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण के कारण लगे जाम में फंस गई, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद बाद में पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

जय अंबे ट्रैवल्स की थी बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस जय अंबे ट्रैवल्स की थी। देवास के औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बस में लगी आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times