बुरहानपुर। समाज सेवा और पत्रकारिता के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण पेश करते हुए इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी शकील खान ने अपना जन्मदिन जनसेवा को समर्पित किया। उनके जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम भावसा स्थित ग्राम पंचायत परिसर में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का संचालन प्रिशियस लाइफ केयर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने किया। इस दौरान आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से मरीजों का रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), नेत्र रोग सहित विभिन्न सामान्य एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की निशुल्क जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ उनकी जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर गांवों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। आर्थिक और भौगोलिक कारणों से समय पर स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाने वाले लोगों को इस शिविर के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निशुल्क उपलब्ध हुईं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शकील खान ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी माध्यम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।
कार्यक्रम के आयोजक गफ्फार मसूरी ने कहा कि शकील खान ने अपना जन्मदिन सेवा और मानवता को समर्पित कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी अपने विशेष अवसरों को जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने शकील खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सभी ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
शिविर के सफल आयोजन में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। ग्रामीणों ने प्रिशियस लाइफ केयर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, आयोजकों एवं इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष शकील खान का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमेश तायडे, जिला महासचिव राहुल इंगले, जिला प्रवक्ता मनोज मिश्रा, जिला संगठन सचिव रमजान सिकंदर, जिला मीडिया प्रभारी आजाद तड़वी, जिला सचिव अनसीग मोरे, जिला कोषाध्यक्ष सुलेमान शादाब, जिला कार्यालय सचिव संजेश परी वाले सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

