जमीन के झगड़े ने लिया हिंसक मोड़, धारदार हथियार से हमला, युवक गंभीर

 



दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के जबलपुर-दमोह मार्ग स्थित लखनी गांव में शनिवार को जमीन के पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। इस दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक के हाथ की उंगलियां कट गईं, जबकि दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लखनी गांव निवासी कोमल सिंह पिता हल्के सिंह लोधी और राजन सिंह लोधी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते शनिवार को विवाद उस समय भड़क गया, जब दूसरे पक्ष के लोग कथित रूप से विवादित भूमि पर मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे।

बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य का विरोध करने पहुंचे कोमल सिंह और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान राजन सिंह लोधी, बृजेंद्र सिंह लोधी, मूरत सिंह लोधी और रम्मू सिंह लोधी सहित अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कोमल सिंह के हाथ की कई उंगलियां कट गईं, जबकि अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराया। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। गंभीर रूप से घायल कोमल सिंह को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामला कायम कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसकी परिणति शनिवार को हिंसक झड़प के रूप में हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times