जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 किलो 301 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिहोरा निवासी प्रिंस बर्मन दीनदयाल बस स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा है और उसके पास भारी मात्रा में गांजा मौजूद है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 किलो 301 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में प्रिंस बर्मन ने पुलिस को बताया कि यह गांजा जय सेलर ने उसे मुकेश साहू तक पहुंचाने के लिए दिया था।
सिवनी से आई थी नशे की खेप
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजे की यह खेप सिवनी से जबलपुर लाई गई थी और इसकी डिलीवरी मुकेश साहू को की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नशे की सप्लाई का नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
पुलिस ने प्रिंस बर्मन, मुकेश साहू और जय सेलर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे गिरोह की आर्थिक और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
