जबलपुर के कैंट थाना क्षेत्र की घटना, पैर, पीठ और हाथ पर किए वार; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश

 


जबलपुर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में मदद के बहाने बुलाकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर धारदार चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, झिरिया सदर निवासी 19 वर्षीय अनुराग रजक, जो सब्जी का व्यवसाय करता है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अनुराग ने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे वह अपने मित्र सिद्धांत खरे के साथ मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान उनके परिचित शिवे ठाकुर का सिद्धांत के मोबाइल पर फोन आया। शिवे ने बताया कि वह चौपाटी के पास खड़ा है और उसकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया है। उसने मदद के लिए ट्रैफिक जाम होटल के पास मेन रोड पर बुलाया।

अनुराग जब अपने दोस्त के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां शिवे ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ पहले से मौजूद था। बातचीत के दौरान शिवे ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। अनुराग द्वारा रुपये देने से इनकार करते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि शिवे ठाकुर और उसके साथियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अनुराग के साथ हाथ-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच शिवे ने धारदार चाकू निकालकर अनुराग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अनुराग के बाएं पैर की जांघ, पीठ और बाएं हाथ की उंगली पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के दौरान जब सिद्धांत खरे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घायल अनुराग ने किसी तरह कैंट थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं 296(बी), 118(1), 115(2), 119(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात मदद के नाम पर बुलाकर की गई इस वारदात ने कैंट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times