जीआरपी का बड़ा एक्शन: ट्रेनों में झपटमारी करने वाले 5 शातिर बदमाश सलाखों के पीछे

 



जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर जीआरपी ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10.30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रीवा सुपरफास्ट, रीवा-बिलासपुर और कामायनी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने पत्रकार वार्ता में बताया कि चलती ट्रेनों में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसके बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया।

कटनी और मझौली के आरोपी गिरफ्तार

रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल और डीएसपी रेल कटनी विजय गोठरिया के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी कटनी और चार आरोपी मझौली थाना क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खगार, सौरभ कुल्हाड़ा, राहुल ठाकुर और हर्ष खगार के रूप में हुई है।

10 लाख से अधिक के जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न मामलों में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की बाली सहित कुल 10,30,848 रुपये मूल्य के जेवरात शामिल हैं।

कई ट्रेनों में वारदात कबूली

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रीवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में यात्रियों से झपटमारी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

न्यायालय में किया जाएगा पेश

रेल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कटनी न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अन्य लंबित मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल मरावी, उपनिरीक्षक सुशील सिंह, प्रधान आरक्षक राघवेंद्र शर्मा, प्रवीण तिवारी, आरआईबी के हरस्वरूप शर्मा, आरक्षक सुनील परस्ते, धर्मेंद्र गुप्ता, रवि पुरोहित, नारायण मिश्रा, रहस्य जंघेला, उपनिरीक्षक रवि मांझी, प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय तथा आरपीएफ कटनी के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेल पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times