देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

49 चाइना चाकुओं के साथ 6 आरोपी दबोचे, पुलिस ने हथियार तस्करी का किया खुलासा

 



जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चाइना चाकुओं के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच, अधारताल, पनागर और रांझी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 49 प्रतिबंधित चाइना चाकू बरामद किए गए हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी राजस्थान के अजमेर से चाकू खरीदकर जबलपुर में ऊंचे दामों पर बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की शुरुआत 19 जुलाई की देर रात करीब 2 बजे हुई, जब क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान एसबीआई बैंक के पास अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल (22) निवासी वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर संदिग्ध अवस्था में प्लास्टिक का थैला लिए खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 38 चाइना चाकू बरामद हुए।

यूट्यूब से मिला सप्लायर, अजमेर से खरीदकर लाता था चाकू

पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से अजमेर के एक व्यक्ति से संपर्क किया था। इसके बाद वह अजमेर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से 60 चाइना चाकू खरीदकर जबलपुर लाया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रत्येक चाकू करीब 200 रुपये में खरीदता था और लगभग 1000 रुपये में बेचता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभिषेक पहले भी अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

अन्य आरोपियों से भी चाकू बरामद

मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उसके परिचितों को भी गिरफ्तार किया। अधारताल थाना क्षेत्र के पचमठा रोड से अभिषेक कोल (22) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 6 चाइना चाकुओं के साथ पकड़ा गया। वहीं पेट्रोल पंप के पीछे से आकाश उर्फ काला (21) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 2 चाइना चाकुओं सहित गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा 18 जुलाई को रांझी थाना क्षेत्र में सरस्वती स्कूल के पीछे से साहिल केवट (19) को 1 चाइना चाकू के साथ पकड़ा गया। वहीं जूनियर क्लब के सामने वीएफजे क्षेत्र में दबिश देकर गगन रैकवार (25) निवासी मड़ई, रांझी को भी 1 चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।

पनागर थाना क्षेत्र के फूटाताल रोड स्थित सरकारी कॉलेज के पास से मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन (18) निवासी मौलाना वार्ड को 1 चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चाइना चाकुओं की यह खेप किन-किन लोगों तक पहुंचाई गई और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस अब सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times