रात तक सब कुछ था सामान्य, सुबह कमरे में मृत मिला 24 वर्षीय युवक; कोतवाली पुलिस जांच में जुटी

 


जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक के मृत पाए जाने का मामला सामने आया है। युवक अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मोहन चौधरी (65 वर्ष) निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी, शिवधाम ने सूचना दी कि मंगलवार देर रात करीब 12 बजे पूरा परिवार भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चला गया था। उनका पुत्र अंकित चौधरी (24 वर्ष) भी अपने कमरे में सोने चला गया था।

बुधवार सुबह करीब 6 बजे अंकित की मां द्रोपती बाई उसे जगाने उसके कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खोलने पर उन्होंने देखा कि अंकित कमरे के पंखे के कुंडे से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ है। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times