खंडवा। खंडवा के ओंकारेश्वर में आस्था के साथ लोगों की जिंदगी भी बचा सकते हैं। मतलब अब ओंकारेश्वर में आस्था के साथ सेवा भी जुड़ गई है। ओंकारेश्वर में आने वाले श्रद्धालुओं को रक्तदान करने पर मंदिर में फ्री VIP दर्शन करने को मिल रहा है। इस पहल का असर ये हुआ है कि चार महीने में अब तक 2300 यूनिट ब्लड उपलब्ध करा दिया गया है। इसका मकसद केवल यह है कि किसी भी तरह के हादसे में घायल व्यक्ति या जरूरतमंद को समय पर ब्लड मिल सके।
नर्मदा तट पर विराजमान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से बड़ी पहल शुरू हुई और उसका व्यापक असर देखने को मिला। जहां रक्तदान करने पर वीआईपी दर्शन की सुविधा मिल रही है। इस साल फरवरी में इसकी शुरुआत हुई थी, जिसके बाद अब तक 2300 यूनिट ब्लड उपलब्ध हुआ। ओंकारेश्वर में रक्तदान शिविर लगातार लगाया जा रहा है। जो श्रद्धालु रक्तदान कर रहे हैं, उन्हें प्रमाण पत्र दिया जा रहा है और उसी आधार पर मंदिर ट्रस्ट से फ्री वीआईपी पास मिल रहा है।
बिना लाइन लगे VIP दर्शन, प्रमाण पत्र भी
इसके बाद भक्त लाइन में लगे बिना VIP दर्शन कर रहे हैं। इसमें काफी भक्त जो ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं, वह काफी बढ़चढ़ के इस रक्तदान की पहल शामिल हो रहे हैं। चार महीनों के इस अभियान में कई यूनिट ब्लड जिला अस्पताल की ब्लड में बैंक में आया है। जो किसी की जिंदगी बचाने के काम आ रहा है। वहीं श्रद्धालुओं को भी 4-5 घंटे लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, वह प्रमाण पत्र दिखाकर सीधे वीआईपी दर्शन कर सकते हैं, इससे श्रद्धालु भी काफी खुश है।
बल्ड की कमी होगी दूर
खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में रोजाना करीब 80 यूनिट ब्लड की जरूरत होती है, लेकिन एक्सचेंज में सिर्फ 50 से 55 यूनिट ही मिल पाता है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए सबसे ज्यादा खून की आवश्यकता पड़ती है। प्रशासन को उम्मीद थी कि आस्था से जुड़ी इस पहल से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अस्पताल में रक्त की कमी नहीं रहेगी। ये उम्मीद न सिर्फ पूरी हुई बल्कि ब्लड की कमी भी दूर हो गई।
विधायक-कलेक्टर ने कही ये बात
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि हर वीकेंड पर 50 से 60 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। हमारी पहल का हमें हमारी उम्मीद से ज्यादा प्रतिसाद मिला है। इससे न सिर्फ हमारे जिले की, बल्कि आसपास के जिलों की ब्लड की मांग पूरी करने में सहयोग दे पा रहे हैं। वहीं मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि ओंकारेश्वर की ये जो पहल है, ये अन्य किसी ज्योतिर्लिंग में नहीं है। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन हो रहे हैं, बल्कि ब्लड की उपलब्धता से लोगों की जिंदगियां भी बचाई जा रही है।
