दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने साथ चूहामार दवा की गोलियां लेकर पहुंच गई। महिला ने अधिकारियों के सामने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला और उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह मौके पर ही जहरीली गोलियां खाकर अपनी जान दे देगी।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान भरतला गांव निवासी नीतू राजपूत के रूप में हुई है। नीतू का आरोप है कि उसने तीन वर्ष पहले एक जमीन खरीदी थी, जिसकी वैध रजिस्ट्री भी उसके पास है। इसके बावजूद जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा है और प्रशासनिक स्तर पर शिकायतें करने के बाद भी उसे अब तक कब्जा नहीं दिलाया गया।
महिला का कहना है कि वह कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुकी है और पूर्व में भी जनसुनवाई में अपनी फरियाद रख चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। समस्या का समाधान नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान है।
मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची नीतू राजपूत अपने साथ चूहामार दवा की 10 गोलियां लेकर आई थी। उसने अधिकारियों के समक्ष गोलियां दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो वह उन्हें खा लेगी। महिला की बात सुनते ही मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने तत्काल महिला को समझाइश दी और उसकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला शांत हुई।
प्रशासन का कहना है कि महिला की शिकायत की जांच कर संबंधित राजस्व अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
