देश के लिए बनी प्रेरणा: 'मन की बात' में PM मोदी ने सराहा ब्यावरा की महिलाओं का इको ब्रिक्स अभियान

 


भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं के अनूठे प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि, इन महिलाओं ने किसी बदलाव का इंतजार करने के बजाय खुद पहल करते हुए प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा किया और उसे इको-ब्रिक्स (Eco-Bricks) में बदलकर पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणादायक मिसाल पेश की। पीएम मोदी ने उनके इस अभियान को स्वच्छता, जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।


पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा - 'मुझे मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की कुछ बहनों के बारे में जानने का अवसर मिला। उन्होंने अपने आसपास फैले प्लास्टिक कचरे को हटाने का संकल्प लिया। यह नहीं सोचा कि कोई आकर बदलाव लाएगा।

प्लास्टिक को इको-ब्रिक्स में बदला
'उन्होंने खुद शहर भर से प्लास्टिक कचरा और खाली बोतलें इकट्ठा करना शुरू किया। धीरे-धीरे यह प्रयास आगे बढ़ता गया और फिर उस प्लास्टिक को इको-ब्रिक्स (Eco-Bricks) में बदला जाने लगा। आज इन्हीं इको-ब्रिक्स का उपयोग सार्वजनिक स्थानों को सुंदर बनाने में किया जा रहा है।'

मन की बात कार्यक्रम का 135वां संस्करण
बता दें कि, यह प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 135वां संस्करण था। सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल जिले के कुकरु से ग्रामीणजनों के साथ बैठकर इसे सुना।

सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, 'हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में मध्‍यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की उन बहनों की सराहना की, जो प्लास्टिक कचरे को Recycle कर इको-ब्रिक्स तैयार कर रही हैं। यह सराहनीय पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ ही महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण भी है।'

'प्रधानमंत्री ने आगामी गणेश महोत्सव के अवसर पर देशवासियों से मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं लेने का आग्रह किया, जिससे हमारी आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी सशक्त हो।'

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times