जबलपुर। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में त्योहारों के दौरान लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता (शहर) कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद विधायक घनघोरिया ने अधीक्षण अभियंता संजय अरोड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शहर के अन्य क्षेत्रों की तुलना में पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिजली व्यवस्था के सुधार के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इसका लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आज भी कई बिजली लाइनें और खंभे जर्जर अवस्था में हैं, जिसके कारण थोड़ी सी तकनीकी खराबी या मौसम परिवर्तन के दौरान भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय जब लोगों को निर्बाध बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब बार-बार बिजली गुल होने से नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं पर बढ़ते बिजली बिलों का बोझ भी चिंता का विषय बना हुआ है।
स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिलों पर भी उठाए सवाल
विधायक घनघोरिया ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि की जा रही है और स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। इसके बावजूद उन्हें बेहतर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगे बिल भरने के बावजूद अघोषित कटौती झेलने को मजबूर है।
छोटे उपभोक्ताओं पर सख्ती, बड़े बकाएदारों पर नरमी
कांग्रेस विधायक ने विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि जिन उपभोक्ताओं पर एक-दो हजार रुपये का बिजली बिल बकाया होता है, उनके कनेक्शन तत्काल काट दिए जाते हैं, जबकि लाखों रुपये बकाया रखने वाले बड़े उपभोक्ताओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। यह व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
विभाग ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय अरोड़ा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून पूर्व तकनीकी कारणों से कहीं-कहीं ट्रिपिंग की समस्या सामने आ सकती है, लेकिन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और जल्द ही ऐसी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा।
