जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक सहित 7 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से 13 चोरी के दोपहिया वाहन, झपटे गए 5 मोबाइल फोन, चाकू सहित करीब 15 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल और स्कूटर चोरी करने के बाद उन्हीं वाहनों से घूमकर मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।
कब्रिस्तान में दबिश, चार युवकों को घेरकर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार युवक रात में घूमकर वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी करते हैं। चारों चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मंडी मदार टेकरी स्थित कब्रिस्तान पहुंचे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने कब्रिस्तान में दबिश दी। वजूखाने के पास चार अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर बैठे युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पुलिस ने उनकी पहचान अयान उर्फ अल्लू खान (18), सोहेल उर्फ गुलाम गौस (20), मुजम्मिल कुरैशी (19) और मुदस्सिर कुरैशी (18) के रूप में बताई है।
बाइक, एक्टिवा और मोबाइल बरामद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और तलाशी के दौरान अयान के कब्जे से चोरी की एक्टिवा, रियलमी कंपनी का मोबाइल और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। सोहेल से आर-15 मोटरसाइकिल, मोटरसाइकिल की चाबियों का गुच्छा और मोटोरोला मोबाइल मिला।
मुजम्मिल से हीरो होंडा मोटरसाइकिल MP 20 NE 0705, दो मोबाइल और दस चाबियों वाला गुच्छा तथा मुदस्सिर से पैशन प्रो MP 20 NV 7248, ओप्पो मोबाइल और वायर कटर जब्त करने की बात पुलिस ने कही है।
घरों और पहाड़ी के पास छिपा रखे थे चोरी के वाहन
पुलिस का कहना है कि चारों से सघन पूछताछ की गई तो उन्होंने चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें अपने घरों के आसपास तथा पहाड़ी में पावर हाउस के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार और दोपहिया वाहन बरामद किए।
पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 313 बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25 सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक, नहीं खुला तो तोड़ देते थे
पुलिस ने आरोपियों के कथित तौर-तरीके का भी खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार चारों भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। मास्टर चाबी से लॉक खोलने की कोशिश की जाती थी। लॉक नहीं खुलने पर हैंडल लॉक तोड़कर वायर काटकर वाहन स्टार्ट कर चोरी कर लिया जाता था।
पुलिस का आरोप है कि चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल शहर में घूमकर राहगीरों के मोबाइल झपटने में भी किया जाता था।
बकरा मार्केट में दूसरी कार्रवाई, तीन और पकड़े
इसी कार्रवाई के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि बकरा मार्केट, भानतलैया में तीन लड़के चोरी की एक्टिवा लेकर खड़े हैं। पुलिस ने दबिश देकर फैजान उर्फ फिज्जू खान (18), मोईन उर्फ सुरमेश अंसारी (18) और एक 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में एक्टिवा चोरी की होना सामने आया। इसके साथ ही चार अन्य चोरी के वाहन घर के पास छिपाकर रखने की जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर कुल 5 दोपहिया वाहन बरामद किए।
बरामद वाहनों में से एक वाहन हनुमानताल थाना क्षेत्र से चोरी होना पाया गया, जिसके संबंध में पहले से अपराध क्रमांक 671/2026 दर्ज था।
शहर के कई थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए वाहन
पुलिस की प्रारंभिक पतासाजी में बरामद वाहन ग्वारीघाट, कैंट, लार्डगंज, कोतवाली, विजय नगर, गोरखपुर और मदनमहल थाना क्षेत्रों से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित वाहन मालिकों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए कुछ आरोपियों के खिलाफ चोरी, झपटमारी, अवैध वसूली, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों के पूर्व आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक रोहणी शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, सादिक अली, अजय डबराल, राजेन्द्र द्विवेदी तथा आरक्षक सुरेन्द्र बरकड़े की भूमिका रही।
