दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में पहली बार होगा 'गौरव शिखर सम्मान 2026', समाज की 12 विभूतियां होंगी सम्मानित



जबलपुर। स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की पावन स्मृति में "गौरव शिखर सम्मान 2026" का  आयोजन 1 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।


स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी जी का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और लोकहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को सदैव सेवा का माध्यम माना तथा अपने जन्मदिवस को उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाज सेवा के पर्व के रूप में मनाने की प्रेरणादायक परंपरा स्थापित की। प्रतिवर्ष उनके जन्मदिवस पर विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते थे, जिनमें देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकों के सहयोग से जटिल से जटिल शल्य चिकित्सा भी निःशुल्क संपन्न कराई जाती थी। शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों के सहयोग से हजारों मरीजों को नया जीवन मिला।


इसी प्रकार उन्होंने रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए जबलपुर में स्वैच्छिक रक्तदान की ऐसी अलख जगाई, जिसके परिणामस्वरूप प्रतिवर्ष हजारों यूनिट रक्त एकत्रित होकर असंख्य जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा का माध्यम बना। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, संवेदना, सादगी और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणास्रोत रहा।


दादा जी के देवलोक गमन के उपरांत भी उनकी जनसेवा की इस गौरवशाली परंपरा को माननीय विधायक श्री अशोक रोहाणी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी सेवा संकल्प को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के उद्देश्य से इस वर्ष पहली बार "दादा ईश्वरदास रोहाणी स्मृति गौरव शिखर सम्मान 2026" का आयोजन किया जा रहा है।


आयोजन समिति ने बताया कि यह भव्य समारोह 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को अपराह्न 3:30 बजे से मानस भवन, राइट टाउन, जबलपुर में आयोजित होगा। समारोह का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी योगदान देने वाली विभूतियों का सार्वजनिक सम्मान कर समाज में सकारात्मक चेतना एवं सेवा भावना का विस्तार करना है।


इस अवसर पर 12 विशिष्ट क्षेत्रों—शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन, युवा प्रेरणा, सनातन ज्ञान, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पत्रकारिता, सेवानिवृत्त सेवा, विधि एवं न्याय—में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को "गौरव शिखर सम्मान 2026" से सम्मानित किया जाएगा।


इस गरिमामय समारोह में मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल हरविंदर सिंह वंद्रा करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय श्री जगदीश देवड़ा जी (उप मुख्यमंत्री) तथा माननीय श्री राकेश सिंह जी (लोक निर्माण मंत्री, मध्यप्रदेश शासन) अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे।


आयोजन समिति के सदस्य डॉ. जितेंद्र जामदार, डॉ. राजेश धीरावाणी, डॉ. स्वाति गोडबोले, श्री रवि गुप्ता, श्री चैतन्य भट्ट, श्री अजय ग्रोवर, श्री संदीप विजन, श्री रजनीत जैन, श्री पंकज गोयल, श्री अनिल नंदवानी, श्री सौरभ बड़ेरिया, एडवोकेट सुमित रघुवंशी एवं श्री अरुण अग्रवाल (अज्जू) तथा आयोजन सचिव डॉ. सुनील मिश्र उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं दीप प्रज्वलन के साथ होगा, जिसके पश्चात सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के संरक्षक एवं कैंट विधानसभा के विधायक श्री अशोक रोहाणी एवं रिंकू विज,सचिन जैन सहारा भी उपस्थित रहे।


आयोजन समिति ने जबलपुर के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों एवं युवाओं से इस प्रेरणादायी आयोजन में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।


"श्रेष्ठता का सम्मान – समाज का अभियान"


इसी मूल भावना के साथ "गौरव शिखर सम्मान 2026" समाज में सेवा, संस्कार, उत्कृष्टता एवं प्रेरणा के मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा तथा भावी पीढ़ी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times