नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, मोदी बोले— अब वे मेरे बॉस

 भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। इससे पहले वे 14 दिसंबर 2025 से कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन आने के चलते उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।


कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर स्वागत किया और करीब 55 मिनट तक संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, “मैं भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं और मानता हूं कि अब नितिनजी मेरे बॉस हैं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।” प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अपने पतन की जिम्मेदारी लेने से बचती है और जो कांग्रेस की बुराइयों से बचेगा, वही देश में आगे बढ़ेगा। उन्होंने घुसपैठ को देश की सुरक्षा और गरीबों के हक के लिए बड़ा खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।

नव निर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले भाषण में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनका निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा में राजनीति सत्ता या भोग नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और उत्तरदायित्व है। नबीन ने ‘राष्ट्र पहले, पार्टी बाद में और खुद सबसे आखिर में’ के सिद्धांत को दोहराते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने हिस्से का त्याग करना होगा। उन्होंने राम मंदिर, अनुच्छेद 370 की समाप्ति और कश्मीर में तिरंगे की शान जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा की वैचारिक यात्रा को याद किया।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी उन राज्यों में भी मजबूती से आगे बढ़ेगी, जहां अब तक भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, जैसे बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मेहनत, अनुशासन और एकता के साथ काम करने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि नितिन नबीन ने 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था। उनके समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जो जांच में वैध पाए गए। इसके साथ ही भाजपा को नया नेतृत्व मिल गया है, जिसका फोकस संगठन विस्तार और बंगाल-तमिलनाडु जैसे राज्यों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times