जबलपुर में दीवार को लेकर दो परिवार भिड़े, महिलाओं के बीच भी हाथापाई, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के दीक्षितपुरा छोटी देवन में पुश्तैनी मकान की दीवार को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों परिवारों की महिलाएं भी हाथापाई में शामिल हो गईं। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मरम्मत के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह अपने पुश्तैनी मकान में मरम्मत का काम करवा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी श्रेयांश मोदी (57 वर्ष) वहां पहुंचे और दीवार तोड़ने का विरोध करने लगे।
प्रमोद साहू का आरोप है कि विरोध के दौरान श्रेयांश मोदी ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
पत्नी और बेटियों पर भी मारपीट का आरोप
प्रमोद साहू के अनुसार, विवाद के दौरान श्रेयांश मोदी की पत्नी नीलम मोदी और उनकी दोनों बेटियां पुन्यांसी एवं सौम्या भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि सभी ने मिलकर प्रमोद साहू और उनकी पत्नी ज्योति साहू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि हाथापाई के दौरान ज्योति साहू के कान की एक बाली गायब हो गई।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई काउंटर रिपोर्ट
वहीं, पतंजलि बिस्किट का व्यापार करने वाले श्रेयांश मोदी ने भी कोतवाली थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। श्रेयांश का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे प्रमोद साहू नीचे की दीवार में तोड़फोड़ कर रहे थे।
उनके अनुसार, जब उन्होंने बाहर आकर शांतिपूर्वक काम करने की बात कही तो प्रमोद साहू नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
बीच-बचाव के दौरान मंगलसूत्र टूटने का दावा
श्रेयांश मोदी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनकी पत्नी नीलम मोदी और दोनों बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं, तभी प्रमोद साहू की पत्नी ज्योति साहू ने उनके साथ भी मारपीट की।
श्रेयांश के मुताबिक, हाथापाई के दौरान उनकी पत्नी का मंगलसूत्र टूटकर बिखर गया। उन्होंने दूसरे पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
प्रमोद साहू और श्रेयांश मोदी, दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पुलिस जांच शुरू
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब विवाद के कारणों और मारपीट से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
दीवार के विवाद में आमने-सामने आए दो परिवार, पुलिस जांच जारी
.jpg)