बड़ी मदार टेकरी में पुरानी रंजिश पर घर के सामने फेंके सुअरमार बम, एक फटा
जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र के बड़ी मदार टेकरी, सिंधी कैंप में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार को डराने और दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के एक युवक ने मजदूर के घर के सामने दो सुअरमार बम फेंके और मौके से फरार हो गया। इनमें से एक बम फट गया, जबकि दूसरा बिना फटे घर के सामने पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार संजय चौधरी (37), निवासी बड़ी मदार टेकरी सिंधी कैंप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। संजय ने बताया कि वह मजदूरी करता है और करीब दो वर्ष पहले उसका मोहल्ले के उदय चौधरी से विवाद हुआ था।
रात करीब दो बजे की घटना
शिकायत के मुताबिक बीती रात करीब 2 बजे संजय अपने परिवार के साथ घर में मौजूद था। घर का दरवाजा अधखुला था। इसी दौरान आरोप है कि उदय चौधरी ने परिवार को भयभीत करने के उद्देश्य से मकान के सामने दो सुअरमार बम फेंके।
एक बम फटा, दूसरा मौके पर मिला
फरियादी के अनुसार फेंके गए दो बमों में से एक में विस्फोट हो गया, जबकि दूसरा बिना फटे घर के सामने पड़ा मिला। घटनास्थल पर फटे हुए बम के अवशेष भी मिलने की जानकारी दी गई है।
आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
संजय चौधरी की शिकायत पर थाना हनुमानताल पुलिस ने आरोपी उदय चौधरी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 एवं 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। बरामद सामग्री और घटनास्थल से मिले अवशेषों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
