पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में चरवाहे की मौत, बाघ के हमले की आशंका
खंडासा के जंगल में मिला शव, मौके पर बाघ के पैरों के निशान
सिवनी। पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में खंडासा गांव के पास जंगल में आज सुबह करीब 11 बजे एक चरवाहे का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक की पहचान कुरई क्षेत्र के खंडासा गांव निवासी योगेश देशमुख के रूप में हुई है। शव की स्थिति और मौके पर मिले बाघ के पैरों के निशान के आधार पर वन अधिकारियों ने बाघ के हमले में मौत होने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, योगेश रविवार को रोज की तरह मवेशी चराने जंगल गया था। शाम को मवेशी घर लौट आए, लेकिन योगेश वापस नहीं आया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी।
रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव
वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने जंगल में योगेश की तलाश शुरू की। देर रात तक खोजने के बावजूद उसका पता नहीं चला। आज सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई तो खंडासा गांव के पास जंगल में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शव के दोनों पैर और सिर अलग मिले, जबकि शरीर का बीच का हिस्सा गायब था। वन अधिकारियों का कहना है कि शव की स्थिति से बाघ के हमले में मौत होने का अंदेशा है। टीम को मौके पर बाघ के पैरों के निशान भी मिले हैं।
वन विभाग ने बाघ की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर लिया गया है।
