जबलपुर में फर्जी जीएसटी बिलिंग का मामला: ₹8.68 करोड़ की कथित क्षति पर ईओडब्ल्यू ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर। फर्जी जीएसटी बिलिंग के जरिए अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने के आरोप में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने एफआईआर दर्ज की है। मामला शास्त्री ब्रिज स्थित महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशू दीक्षित और सात अन्य आवेदकों की शिकायत से जुड़ा है। ईओडब्ल्यू की जांच के मुताबिक, मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच आवेदकों को ₹8,68,30,286 की आर्थिक क्षति हुई।
शिकायत की जांच ईओडब्ल्यू की जबलपुर इकाई के उप पुलिस अधीक्षक शस्वर्ण जीत सिंह धामी ने की। जांच के दौरान स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग, जबलपुर से प्राप्त जांच प्रतिवेदन और साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।
मामले में मेसर्स यूनिक ट्रैड एण्ड कंपनी के प्रोपराइटर और एकाउंटेंट आशीष कोटवानी, निखिल इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की प्रोपराइटर श्रीमती जसमीत कोटवानी और एकाउंटेंट योगेश साहू पर आरोप हैं।
बिलों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा में फेरबदल का आरोप
ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, आरोपियों ने आवेदकों का विश्वास जीतकर स्क्रीन-शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए उनके कंप्यूटरों से MARG सॉफ्टवेयर का डेटा बिना अनुमति अपने कंप्यूटरों में लिया। आरोप है कि जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के नाम पर उन्होंने आवेदकों के मोबाइल नंबरों पर आए ओटीपी भी हासिल किए।
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री या व्यावसायिक लेनदेन के फर्म के बिलों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा में कथित तौर पर फेरबदल किया। आरोप है कि उन्होंने आवेदकों की फर्मों के आईटीसी आंकड़े और फर्जी टर्नओवर अपनी तथा अपने परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में दिखाकर अवैध आर्थिक लाभ हासिल किया।
.png)