गाजी नगर अग्निकांड: 71 प्रभावित परिवारों को एक माह का राशन और जरूरी सामान
जबलपुर। गाजी नगर झुग्गी बस्ती में हुई आगजनी की घटना से प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन ने तत्काल राहत उपलब्ध कराई है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर आधारताल एसडीएम मदन रघुवंशी द्वारा प्रभावित 71 परिवारों को एक माह का राशन और दैनिक जरूरतों की सामग्री प्रदान की गई।
प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को दाल, चावल, आटा, तेल और मसालों सहित एक माह के लिए आवश्यक खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
बर्तन, कपड़े और बिस्तर भी दिए
खाद्यान्न के साथ प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग में आने वाले बर्तन, पहनने के कपड़े, ओढ़ने और बिछाने के कपड़े भी उपलब्ध कराए गए, ताकि आग में घरेलू सामान गंवा चुके परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में बस्ती के 15 मकान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के बाद कई परिवारों का घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गया था।
प्रभावित परिवारों की जरूरतों को देखते हुए व्यवस्था
घटना के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की तत्काल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न एवं जरूरी घरेलू सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। प्रशासन का उद्देश्य आग से प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति में तत्काल सहारा देना है।
