जबलपुर में कार से 4,000 नशीले इंजेक्शन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर: क्राइम ब्रांच और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने 28 नवंबर 2026 को एक कार से 4,000 नशीले इंजेक्शन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब 1 लाख 34 हजार रुपये है। टीम ने कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग भारत पेट्रोल पंप के पीछे, गोयल टीमटी गेट के सामने, सफेद फोर्ड फिगो कार (एमपी 20 सीडी 7249) में नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
चार थैलों से मिले इंजेक्शन
संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, चालक की सीट पर जयंत राय (36), पिता अशोक राय, और पिछली सीट पर अमित पैगवार (41), पिता स्व. दीपचंद पैगवार, बैठे थे। दोनों बेलबाग के तुलसी मोहल्ला, बाई का बगीचा के निवासी हैं। तलाशी में चालक की बगल वाली सीट और पिछली सीट पर अमित के पास दो-दो पीले थैले मिले। इनमें फेनिरामीन मैलिएट (एविल, 10 एमएल) की 2,000 शीशियां और ब्यूप्रेनॉर्फिन (टैल्जेसिक, 2 एमएल) के 2,000 इंजेक्शन मिले।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने इंजेक्शन उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाने और उन्हें खुद फुटकर में बेचने की बात स्वीकार की। दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक, जयंत राय के खिलाफ ड्रग एक्ट और मारपीट से जुड़े कुल 10 मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ पहले एनएसए के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। अमित पैगवार के खिलाफ ड्रग एक्ट सहित कुल दो मामले दर्ज हैं।
.png)