गाजी नगर अग्निकांड: 17 पीड़ित परिवारों के साथ कलेक्टर से मिले विधायक लखन घनघोरिया, मदद का आश्वासन
जबलपुर। गाजी नगर में 7 नवंबर को हुए अग्नि हादसे से प्रभावित सभी 17 परिवारों को आर्थिक सहायता और प्रशासनिक मदद दिलाने के लिए विधायक लखन घनघोरिया ने पीड़ित परिवारों के साथ कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा से मुलाकात की। पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह मुलाकात आज शाम 4 बजे हुई।
तत्काल राहत और जरूरी सुविधाएं देने का आग्रह
विधायक ने कलेक्टर के समक्ष प्रभावित परिवारों की समस्याएं रखते हुए कहा कि आग में उनके घरों का सामान, जरूरी दस्तावेज और जीवनभर की जमा पूंजी नष्ट हो गई है। उन्होंने सभी 17 परिवारों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
लखन घनघोरिया ने कहा, “गाजी नगर में हुए अग्नि हादसे से प्रभावित परिवारों के दुख में हम पूरी तरह सहभागी हैं। इस हादसे ने 17 परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है। संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि हम सभी जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। कोई भी पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे और इस मुश्किल समय में उसे राहत मिल सके।
मकानों के पुनर्निर्माण में भी मदद का आश्वासन
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कलेक्टर ने विधायक को आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ भविष्य में उनके मकानों के पुनर्निर्माण और उन्हें फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए भी हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर ताहिर अली, इस्तियाक अंसारी, फिरोज ठाकरे, आसिफ इकबाल, इमरान मंसूरी, अशरफ मंसूरी, शकील अंसारी, नीरज पटेल, सलमान अली, सरफराज खान, आजाद खान और हबीब खान सहित सभी 17 प्रभावित परिवारों के परिजन उपस्थित थे।
