जबलपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि इस वर्ष नवरात्रि से दीपावली तक देशभर में ₹7 लाख करोड़ से अधिक का त्योहारी कारोबार होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के लगभग ₹6.05 लाख करोड़ के रिकॉर्ड कारोबार से 15–18 प्रतिशत अधिक हो सकता है। यह अनुमान विभिन्न राज्यों के व्यापारिक संगठनों से मिले फीडबैक, उपभोक्ता मांग और खरीदारी के रुझानों पर आधारित है, उन्होंने कहा कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के बाद दशहरा, करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती और तुलसी विवाह सहित अनेक त्योहार देशभर में बड़े स्तर पर मनाए जाते हैं। इनसे व्यापार, सेवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था में व्यापक गतिविधियां बढ़ती हैं।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, महामंत्री जितेंद्र पचौरी, प्रदेश संरक्षक संदेश जैन, संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी, प्रदेश मंत्री रोहित खटवानी, महामंत्री राजा सराफ, कोऑर्डिनेटर सीमा सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष राजीव बड़ेरिया, महिला विंग अध्यक्ष नम्रता भाटिया, महामंत्री निखिल पावा ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने से शहर के बाजारों में कारोबार बढ़ता है उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि त्योहारों पर खरीदारी करते समय भारत में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता दें और सामान अपनी गली-मोहल्ले तथा स्थानीय बाजारों के दुकानदारों से खरीदें।
