देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

बगदरी वॉटर फॉल में दो नाबालिगों से अमानवीयता, चोरी के शक में पीटा और निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो

 



जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के बगदरी वॉटर फॉल में घूमने पहुंचे करीब 12 वर्ष उम्र के दो नाबालिगों के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से आए कुछ युवकों ने चोरी के शक में दोनों बच्चों को पकड़कर मारपीट की, उनके कपड़े उतरवाए और निर्वस्त्र अवस्था में वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

बताया गया है कि पाटन क्षेत्र के रहने वाले दोनों नाबालिग वॉटर फॉल घूमने गए थे। इसी दौरान तेंदूखेड़ा से आए कुछ युवक वहां पहुंचे और अपने कपड़े व अन्य सामान रखकर नहाने चले गए। वापस लौटने पर युवकों ने दोनों बच्चों पर उनके रुपये चोरी करने का आरोप लगाया और उन्हें पकड़ लिया।

बच्चे लगातार खुद को निर्दोष बताते रहे और रुपये चोरी करने से इनकार करते रहे, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनकी बात नहीं मानी। दोनों के साथ मारपीट करने के बाद उनके कपड़े उतरवाए गए और उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के सामने भी बच्चों के साथ कथित तौर पर अभद्र एवं अमानवीय व्यवहार किया गया।

मोबाइल छीनकर शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप

बच्चों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। साथ ही उनसे रुपये मांगे गए। बच्चों के मुताबिक, उनसे शराब के लिए पैसे मांगने का भी दबाव बनाया गया। इसी दौरान एक युवक ने पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना लिया।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी मिली। वीडियो में दो नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और उन्हें निर्वस्त्र किए जाने का दृश्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

पुलिस अधिकारियों ने पाटन थाना प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times