जबलपुर। अंधमूक चौराहे के पास शुक्रवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटर में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं निकलता देख स्कूटर सवार युवक ने तत्काल वाहन छोड़कर दूर हटते हुए अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में स्कूटर आग की लपटों से घिर गई। घटना के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पहले निकला धुआं, फिर उठने लगीं लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटर क्रमांक एमपी 20 एक्सए 3321 अंधमूक चौराहे के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही स्कूटर से आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक ने तत्काल स्कूटर छोड़ दी और सुरक्षित दूरी पर चला गया। बीच सड़क वाहन को जलता देख राहगीर भी रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने बुझाई आग, स्कूटर का बड़ा हिस्सा जला
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पानी एवं उपलब्ध अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटर का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका
स्कूटर में आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जो आग बुझाए जाने के बाद सामान्य हो गया।
