जबलपुर। रांझी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शांतिनगर रांझी निवासी हिमांशु सोनी और शारदा नगर रांझी निवासी हिमांशु झारिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रांझी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इनमें सदर बाजार निवासी हर्ष गुप्ता और कंचनपुर निवासी अश्विनी सिंह की मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हिमांशु सोनी और हिमांशु झारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने उक्त मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की।
चाबी लगी देखकर चुराई बाइक
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मोटरसाइकिलें सड़क किनारे चाबी लगी हालत में खड़ी दिखाई दी थीं। मौका देखकर वे उन्हें लेकर चले गए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे वाहन चोरी की किसी अन्य घटना में शामिल रहे हैं या नहीं।
