दवा का छिड़काव करने पहुंचे लांस नायक ने देखा शव; केरल निवासी 35 वर्षीय अनूप पिल्लई की मौत, परिजनों को दी गई सूचना
जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के आर्मी एरिया स्थित कैंप लाइन में रविवार को 35 वर्षीय सैन्यकर्मी अनूप पिल्लई का शव उनके कमरे में मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब कैंप लाइन में दवा का छिड़काव कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही सैन्य अधिकारी और गोराबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनूप पिल्लई मूल रूप से केरल के कुलम जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में हेडक्वार्टर एमबी एरिया कैंप लाइन में तैनात थे। वे जीएस ब्रांच में ड्यूटी कर रहे थे।
दवा छिड़कने पहुंचे लांस नायक ने दी सूचना
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे लांस नायक दीपक कुमार, निवासी जिला झज्जर, हरियाणा, कैंप लाइन में दवा का छिड़काव करा रहे थे। इसी दौरान वे कमरे में पहुंचे तो अनूप पिल्लई को अचेत अवस्था में देखा।
दीपक ने तत्काल बाहर आकर अन्य सैन्यकर्मियों को जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही कैंप में हड़कंप मच गया और सैन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गोराबाजार पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का समय
पुलिस ने मौके पर आवश्यक पूछताछ और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि सैन्यकर्मी की मौत कब हुई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां रहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों को दी गई सूचना
मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल गोराबाजार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सैन्यकर्मी के सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
