जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग छात्र को चाकू दिखाकर डराने, मारपीट करने और उससे जबरन रुपए लेने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष राजपूत (28), निवासी ग्रीन सिटी, बाबा बर्फानी, सत्यम हाउस, माढ़ोताल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने छात्र से नकद रुपए लेने के साथ उसके मोबाइल का पासवर्ड लेकर ऑनलाइन भी रकम ट्रांसफर कराई थी।
पुलिस के मुताबिक अविनाश कुमार निवासी बरेला ने 22 अगस्त 2026 को माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे नीमखेड़ा जाने के लिए पैदल निकला था।
रास्ते में रोककर चाकू दिखाने का आरोप
शिकायत के अनुसार रास्ते में आयुष राजपूत ने छात्र को रोक लिया और चाकू दिखाकर डराया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे तिवारी रेस्टोरेंट ले जाया गया।
पुलिस का कहना है कि वहां आरोपी ने छात्र से रुपए के बारे में पूछा और उसकी जेब से जबरन 5 हजार रुपए नकद निकाल लिए। इसके बाद कथित तौर पर छात्र के मोबाइल का पासवर्ड लेकर उसके खाते से 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह कुल 10 हजार रुपए लिए जाने की बात सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
घटना के बाद माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आयुष राजपूत को पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की और छात्र से लिए गए रुपए खर्च कर देने की बात कही।
इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेंद्र सिंह पवार, सहायक उप निरीक्षक तीरथ प्रसाद बागरी, विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा, आरक्षक निकेश कुमार, विनय सिंह, राहुल, कुनाल यादव, श्रवण कुमार और देवकीनंदन कुर्मी की भूमिका रही।
