जबलपुर। 10वीं राष्ट्रीय फ्लाइंग किक स्पोर्ट्स प्रतियोगिता-2026 के आयोजन को लेकर फ्लाइंग किक स्पोर्ट्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के महासचिव राजकुमार यादव एवं आयोजक सचिव एडवोकेट जयराज चौधरी ने नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ से भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को 09 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक जबलपुर शहर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय फ्लाइंग किक स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रतियोगिता का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग बैडमिंटन इंडोर हॉल, जबलपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं खेल पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण समारोह, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर महापौर से चर्चा की। इस अवसर पर आनंद श्रीवास्तव, राम विश्वकर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी कामाक्षा पटेल, चारु कश्यप, खुशी यादव एवं मानवराज यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
