देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

जबलपुर में 79 वर्षीय बुजुर्ग से ATM कार्ड बदलकर ठगी, मदद के बहाने खाते से उड़ाए 1.16 लाख रुपये

 


जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे 79 वर्षीय बुजुर्ग के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में अलग-अलग स्थानों से उनके खाते से 1 लाख 16 हजार 500 रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

नव निवेश कॉलोनी, गंगा नगर निवासी राजकुमार जैन सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 17 अगस्त की शाम वह दूध लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने एसबीआई के एटीएम से 9 हजार रुपये निकाले। पैसे निकालने के दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें एटीएम ब्लॉक होने की बात कही और दोबारा कार्ड डालने के लिए कहा।

बुजुर्ग ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए दोबारा कार्ड मशीन में डाला और 500 रुपये निकाले। इसके बाद आरोपी ने उन्हें बातचीत में उलझाया और मौका पाकर वहां से चला गया। उस समय बुजुर्ग को कार्ड बदले जाने की भनक तक नहीं लगी।

बैंक पहुंचने पर खुला ठगी का राज

अगले दिन जब राजकुमार जैन बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके पास मौजूद एटीएम कार्ड उनके नाम का नहीं है। कार्ड नागेश व्योहार के नाम पर जारी था। बैंक स्टेटमेंट की जांच कराने पर पता चला कि 17 और 18 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों से उनके खाते से कुल 1,16,500 रुपये निकाले जा चुके हैं।

ठगी का पता चलते ही बुजुर्ग ने पुलिस से शिकायत की। संजीवनी नगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ATM पर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाला गिरोह?

पुलिस अब एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की पहचान और उसके द्वारा निकाली गई रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है। घटना ने एक बार फिर एटीएम में अनजान लोगों से मदद लेने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times