इंदौर। नशे के कारोबार के खिलाफ इंदौर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चंदन नगर पुलिस ने एक नाइजीरियन महिला को 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर ड्रग सप्लाई नेटवर्क और मुंबई से इंदौर तक जुड़े उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को आईटी पार्क के सिंहासा क्षेत्र में एक विदेशी महिला काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी दिखाई दी।
पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। संदेह के आधार पर नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से कोकीन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान इम्यूनल जॉय, निवासी लेगोस, नाइजीरिया के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मुंबई के बांद्रा ईस्ट क्षेत्र में रह रही थी। उसके कब्जे से 57.18 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह 14 अगस्त 2026 को बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और उसे फरवरी 2027 तक भारत में रहने की अनुमति थी। महिला के अनुसार, वह मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम करती है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान महिला ने कम कीमत पर कोकीन खरीदकर अधिक दाम में बेचने और जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। अब पुलिस उसके मोबाइल फोन और अन्य जानकारियों के आधार पर ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
