जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के मझौली रोड स्थित दर्शनी गांव में रविवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब सवारियों से भरे ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि बाइक सवार उछलकर सड़क से दूर जा गिरा। हादसे में ई-रिक्शा में सवार 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सिहोरा पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवक सिहोरा से मझौली की ओर जा रहा था। वह दर्शनी गांव में पान बरेजा के सामने से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रहे सवारियों से भरे ई-रिक्शा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और बाइक सवार भी दूर जा गिरा।
दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोगों ने घायलों को जननी एक्सप्रेस और निजी वाहनों की मदद से सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने पोंडा निवासी 21 वर्षीय प्रीति कोल को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में सुधा रावत (18), जानकी रावत (19), नेहा कोल (26), सुखवंती बाई कोल (55), दुर्गा कोल (7) और अभि कोल (6) को अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं राजकुमार कोल (35), अनुराग (11) और शुभम कोल (40) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल अस्पताल में तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद लगा जाम
दुर्घटना के बाद सिहोरा-मझौली रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा व बाइक को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
