जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच और ग्वारीघाट थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को 290 पाव अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस (स्कूटी) भी जब्त कर ली है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया एवं डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
थाना प्रभारी ग्वारीघाट कन्हैया बघेल ने बताया कि 6 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक काले रंग की बिना नंबर की एक्सिस से ग्राम छिवला की ओर अवैध देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम छिवला मोड़ पर घेराबंदी की।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चला रहे युवक ने अपना नाम अरशद शाह (21 वर्ष), पिता आरिफ शाह, निवासी तकिया मोहल्ला, गढ़ा बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी के आगे रखे दो थैलों और डिक्की से कुल 290 पाव देशी शराब बरामद हुई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब और बिना नंबर की एक्सिस जब्त कर आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने जा रहा था।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में डीएसपी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राजीव दुबे, प्रधान आरक्षक मनीष तथा आरक्षक समीर नोरिया की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
