जबलपुर। आबकारी विभाग की टीम ने शहर में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 279 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान टीम ने पीछा कर बोलेरो को कटंगा तिराहे के पास रोक लिया और उसमें सवार कटनी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तिलवारा से भागी बोलेरो, कटंगा में पकड़ी गई
आबकारी अधिकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिलवारा के रास्ते बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तिलवारा घाट और अंधमूक बायपास पर घेराबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो वाहन आता दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। इसके बाद आबकारी टीम ने दूसरी टीम को अलर्ट करते हुए वाहन की लोकेशन साझा की।
कटंगा तिराहा स्थित आइडियल टावर के पास दूसरी टीम ने बोलेरो के आगे अपना वाहन लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
33 पेटियों में मिली देशी शराब
तलाशी के दौरान बोलेरो से 33 पेटी देशी मदिरा (मसाला और प्लेन) बरामद हुई। इनमें दो पेटियां खाली थीं, जबकि 31 पेटियों में शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 279 बल्क लीटर आंकी गई है।
कटनी के दो आरोपी गिरफ्तार
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू चौधरी और साहिल केवट, निवासी कटनी के रूप में हुई है। आबकारी विभाग ने दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
आबकारी विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
