जबलपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली में अनशनरत सोनम वांगचुक के समर्थन में बुधवार को जबलपुर के टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं छात्र प्रतिनिधियों द्वारा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली में 18 दिनों से अनशनरत सोनम वांगचुक छात्रों के हितों की रक्षा और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठा रहे हैं। आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, जिम्मेदारी तय की जाए तथा ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से सुबोध रिछारिया, रामरतन यादव, रजनीश दुबे, घनश्याम यादव, बसंत अग्रवाल, अमित पांडे, गोपाल हुका, बैजनाथ कुशवाहा, रामकिशोर शिवहरे, जितेंद्र यादव, डॉ. राजेंद्र पिल्ले, मदन शर्मा, रामदास यादव, अशोक यादव, आरती ठाकुर, घनश्याम चक्रवर्ती, राजकुमार यादव, अमरदीप सिंह, साग्गु, मेहंदी हसन, शाहिद अहमद एवं एडवोकेट नरेश चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
