जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में 66 वर्षीय बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की रात करीब 9 बजे मुन्नालाल पटेल फल-सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। जब वह मां रेवा कॉलोनी मोड़ के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने छीना-झपटी करते हुए उनकी जेब से सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों से भरी डायरी तथा 1,150 रुपये नकद लूट लिए और चुंगी नाका की ओर फरार हो गए।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान रात करीब 12 बजे तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान 24 वर्षीय राहुल चौधरी, 22 वर्षीय अभिषेक चौधरी और 20 वर्षीय सुमित उर्फ अन्नू चौधरी, निवासी राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल के रूप में हुई। पुलिस की सख्ती के सामने तीनों आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
लूटा गया सामान और बाइक बरामद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी सुमित उर्फ अन्नू चौधरी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों के नशे के आदी होने की जानकारी सामने आई है।
